पीलीभीत रोड के तीन भवन भी सील, बीडीए उपाध्यक्ष ने सख्ती के दिए संकेत
बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर गोटिया गांव में 7000 वर्गमीटर में बन रही अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। बताया जाता है कि कॉलोनी का निर्माण सोनू पाठक और नत्थू लाल द्वारा कराया जा रहा था। जिसमें बिना किसी वैध नक्शे के सड़कें, नालियां और प्लॉट बना दिए गए थे, तो वहीं पीलीभीत रोड बैरियर नंबर-2 के पास तीन अवैध निर्माणों को बीडीए ने सील किया।
बीडीए ने दी हिदायत
बीडीए अफसरों ने मीडिया को बताया कि माजिद ने 110 वर्गमीटर में व्यवसायिक इमारत बनाई थी। अमरूद्दीन द्वारा 160 वर्गमीटर में अवैध फर्स्ट फ्लोर और दानिश मलिक द्वारा 140 वर्गमीटर में फर्स्ट फ्लोर बनाया था। प्राधिकरण ने नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत कार्रवाई करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे अवैध निर्माणों पर कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण की चेतावनी दी कि “बिना स्वीकृति के किसी प्लॉट या मकान की खरीद न करें, वरना गिर सकती है आपकी छत भी!”
