बरेली: बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सावन मास के अवसर पर हर सोमवार (श्रावण मास के समस्त सोमवार) को नगर क्षेत्र में शिक्षा संस्थानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ के चलते दिल्ली रोड व बदायूं रोड के 5 किमी के दायरे में आने वाले स्कूल, कॉलेज, टेक्निकल व पालिटेक्निक संस्थान बंद रहेंगे।
जाम और दुर्घटना की आशंका के चलते फैसला

प्रत्येक सोमवार को कांवड़ यात्रा और मंदिरों में पूजन-अर्चन के कारण भारी संख्या में कांवड़िए आते हैं, जिससे सड़कों पर जाम और अफरातफरी की स्थिति बन जाती है। इस स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
किन संस्थानों पर लागू होगा यह आदेश?
यह आदेश UP Board, CBSE, ICSE, तकनीकी, ITI,पॉलिटेक्निक और अन्य शैक्षणिक बोर्ड से मान्यता प्राप्त संस्थानों पर लागू होगा जो दिल्ली रोड-बदायूं रोड के 5 किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं।
शासनिक कार्य होंगे जारी
हालांकि, स्कूलों और कॉलेजों में केवल छात्रों की छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासनिक व शासकीय कार्यों हेतु सभी स्टाफ को उपस्थित रहना होगा। यदि किसी संस्थान में पूर्व निर्धारित परीक्षा है तो वह यथावत चलेगी।
