बरेली : यूपी के बरेली जिले के रामनगर विकास खंड क्षेत्र के गांव अटा फुंदापुर में बारिश के चलते सड़क पर जलभराव हो गया है, जिससे रास्ता कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है। कई बार शिकायत के बावजूद जब कोई समाधान नहीं मिला तो आक्रोशित ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराते हुए कीचड़ भरी सड़क पर धान की रोपाई कर दी। इस विरोध का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtube.com/shorts/Tr8JBc-RG28?si=yPMZLitDnam1F2uv
प्रशासन की अनदेखी से नाराज़ ग्रामीण
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे नाराज़ होकर ग्रामीणों ने कीचड़ से भरी सड़क पर धान की रोपाई कर दी।
जल जीवन मिशन की खुदाई बनी मुसीबत
ग्राम प्रधान सोनू ने बताया कि पिछले वर्ष जल जीवन मिशन के तहत जलनिगम द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया था, लेकिन काम पूरा होने के बाद उसे दोबारा सही नहीं किया गया, जिससे बरसात के मौसम में वहां भारी जलभराव हो गया और सड़क दलदल में बदल गई।
ग्रामीणों की हालत बदतर, कई लोग हो चुके घायल
इस दलदली रास्ते से रोज़ निकलना ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन चुका है। कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए तो यह रास्ता और भी खतरनाक साबित हो रहा है।
प्रदर्शन के जरिए दी चेतावनी
शुक्रवार को ग्रामीणों ने कीचड़ में ही धान की रोपाई कर विरोध जताया और प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करेंगे। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क को तुरंत दुरुस्त किया जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
अब तक नहीं आया प्रशासनिक संज्ञान में
इस पूरे मामले पर जब The Justice Hindi ने एसडीएम आंवला से बात की तो उन्होंने कहा, “मामला अभी तक संज्ञान में नहीं आया है, हम फिलहाल कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं में व्यस्त हैं। इस मामले में जानकारी कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
