पटना/नई दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी में उन्हें बम से उड़ाने की बात कही गई है। इस मामले को गंभीरता से लेकर LJP (रामविलास) के बिहार प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट ने पटना के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कौन है धमकी देने वाला?
डॉ. भट्ट के अनुसार, धमकी देने वाला इंस्टाग्राम यूज़र “टाइगर मेराज इदिसी” नाम से अकाउंट चला रहा है। यह धमकी एक महिला यूट्यूबर पत्रकार के इंस्टाग्राम अकाउंट पर कमेंट के रूप में आई।
जानें क्या कहा गया धमकी में?
धमकी में लिखा गया कि चिराग पासवान को बम से उड़ा दिया जाएगा। प्रवक्ता ने दावा किया कि यह चिराग पासवान की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर की गई आपराधिक साजिश है।
प्रवक्ता बोले: लोकतंत्र और दलित नेतृत्व पर हमला
डॉ. राजेश भट्ट ने इस धमकी को केवल एक जनप्रतिनिधि पर हमला नहीं, बल्कि दलित नेतृत्व और लोकतंत्र पर कुठाराघात बताया है। उन्होंने कहा कि यह बर्दाश्त करने योग्य नहीं है और अपराधी की अविलंब गिरफ्तारी होनी चाहिए।
गृह मंत्री से सुरक्षा की मांग
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी साजिश को रोका जा सके।
