लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में हर समस्या की जड़ बीजेपी है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। प्रदेश में हत्या, लूट और महिला अपराधों की बाढ़ आ गई है और सरकार के तथाकथित “जीरो टॉलरेंस” की नीति पूरी तरह फेल हो चुकी है। पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट सरकारी योजनाओं में गहराई से समा गए हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन को इसका ताज़ा उदाहरण बताते हुए कहा कि यह योजना भी सरकार के चहेतों की जेब भरने का जरिया बन गई है।
“हर काम में भ्रष्टाचार है। भाजपा योजनाएं बनाकर अपने लोगों से लूट कराती है।” — अखिलेश यादव

उन्होंने जनता की बुनियादी समस्याओं — महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य — पर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया। कहा कि सरकारी स्कूल और अस्पताल बदहाली की स्थिति में हैं, और निजीकरण की नीति गरीबों को पूरी तरह से सेवा से वंचित कर रही है।
भाजपा पर ‘भूमाफिया’ का आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा को “भूमाफिया” करार दिया। आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने सरकारी, गरीबों और किसानों की जमीनों पर अवैध कब्जे किए हैं। उन्होंने कहा कि हज़ारों लोगों को उनकी जमीनों और दुकानों से उजाड़ा गया, पर उन्हें उचित मुआवजा तक नहीं दिया गया।
“नागपुर मॉडल” लागू कर रही आरएसएस
उन्होंने कहा कि आरएसएस उत्तर प्रदेश को नागपुर जैसा वैचारिक केन्द्र बनाना चाहती है, और भाजपा झूठ और नफरत फैलाकर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चेताया कि आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अब से ही बूथ स्तर तक की तैयारी में लग जाएं। साथ ही वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को रोकने के लिए सतर्क रहने का निर्देश भी दिया।
