शाहजहांपुर/बरेली : यूपी के शाहजहांपुर में रविवार रात एक 16 वर्षीय किशोर अपने मोहल्ले की लड़की से शादी करवाने की जिद में पानी की टंकी पर चढ़ गया और जान देने की धमकी देने लगा। यह नज़ारा बिल्कुल फिल्म शोले के ‘वीरू’ की याद दिलाता है। यह घटना चौक कोतवाली क्षेत्र के राजघाट चौकी इलाके की है, जहां हंगामा देखकर मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और परिजनों ने मिलकर उसे नीचे उतारा।
किशोर बोला—’शादी नहीं हुई तो जान दे दूंगा’
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि किशोर मोहल्ले की एक किशोरी से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता था। जब उसने अपनी मां से बात की, तो मां ने डांटते हुए कहा कि अभी वह नाबालिग है और शादी बालिग होने के बाद ही हो सकती है। इससे नाराज होकर किशोर ने घर से निकलकर रात करीब 9 बजे मोहल्ले की पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया।
मां और पुलिस ने समझाकर बचाई जान
मौके पर जुटे लोगों और किशोर की मां ने जब उसे समझाने की कोशिश की, तो वह चिल्लाने लगा—”मेरी शादी करवाओ नहीं तो कूद जाऊंगा!”यह सुनकर मां के पैरों तले ज़मीन खिसक गई। आनन-फानन में पुलिस को बुलाया गया। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह और टीम ने समझाया कि वह अभी नाबालिग है, और इस उम्र में शादी कानूनी रूप से संभव नहीं। धीरे-धीरे उसे मानसिक रूप से शांत किया गया और आखिरकार करीब डेढ़ घंटे की कोशिशों के बाद वह नीचे उतर आया।
