आज़मगढ़ : यूपी के आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे बाद शनिवार को खुलासा कर दिया है। आरोपी युवक विकास को पुलिस ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और मृतका का मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
जानें पूरा मामला?
3 जुलाई को दावनपारा गांव निवासी संजय ने थाने में तहरीर दी थी कि उसकी पत्नी अमरावती (30 वर्ष) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। संजय ने विकास समेत 4 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर हमीरपुर तिराहा, सर्विस लेन से आरोपी विकास को दबोच लिया।
प्रेम में तनाव, झगड़ा और फिर हत्या
पूछताछ में विकास ने कबूला कि वह और अमरावती एक-दूसरे से प्रेम करते थे। लेकिन कुछ समय से उनकी बातचीत बंद हो गई थी और तनाव बढ़ गया था। घटना वाले दिन झगड़ा हुआ। जिसमें अमरावती ने उसे मारा। जिससे गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर वार कर दिया और मौके से भाग गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि “मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य नामजद अभियुक्तों की तलाश जारी है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।” लव-रिलेशनशिप के ऐसे मामलों से सबक ज़रूरी। इस घटना ने फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि टूटते रिश्ते किस हद तक खतरनाक हो सकते हैं, जब भावनाओं को संभालने की बजाय हिंसा और आक्रोश रास्ता बन जाए। यह केस प्रेम में असंतुलन, अस्वीकृति और मानसिक तनाव के नकारात्मक परिणामों का भयावह उदाहरण है।
