स्कूल के मैदान में टूटी मासूम अरुण की साँसे, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले दम तोड़ा
झांसी/लखनऊ : यूपी के झांसी जिले के समथर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय में शनिवार दोपहर कक्षा 8 में पढ़ने वाले छात्र अरुण (14 वर्ष) की कबड्डी खेलते समय अचानक गिरकर मौत हो गई। घटना के समय दोपहर के लगभग 12:30 बजे का समय था। बच्चे मैदान में खेल रहे थे, उसी दौरान अरुण अचानक बेहोश होकर ज़मीन पर गिर गया। स्कूल प्रशासन द्वारा उसे सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर बताकर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्य से रास्ते में ही अरुण ने दम तोड़ दिया।
बुआ की आंखों में आंसू और जुबान पर बस यही सवाल : “मेरा अरुण क्यों गया?”
मृतक अरुण की बुआ रजनी ने बताया कि वह और उसके भाई का परिवार बहुत ही साधारण स्थिति में जीते हैं। अरुण के पिता राजेश मजदूरी करने गए हुए थे, जिन्हें सूचना दी जा चुकी है। रजनी की टूटती आवाज़ में इतना ही निकला कि”वो खेल रहा था, खुश था… अचानक गिरा और फिर कभी नहीं उठा… मेरा अरुण अब वापस नहीं आएगा।”
जानें क्या बोला स्कूल प्रशासन
विद्यालय के प्राचार्य सीताशरण ने पुष्टि करते हुए कहा कि”अरुण कबड्डी खेलते समय अचानक गिर पड़ा। हम तुरंत उसे हॉस्पिटल ले गए, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।”स्कूल और शिक्षा विभाग ने बच्चे की मृत्यु की सूचना सम्बंधित अधिकारियों और परिवार को दे दी है। इस दुखद हादसे ने स्कूल स्टाफ, छात्रों और पूरे गाँव को गहरे शोक में डाल दिया है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी में कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई है। मगर, सटीक कारण का पता मेडिकल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से चलेगा। संभावना है कि हार्ट अटैक या ब्रेन स्ट्रोक जैसे कारण इसके पीछे हो सकते हैं, जो बढ़ते बच्चों में दुर्लभ जरूर है, पर असंभव नहीं।
