कौशांबी/लखनऊ : यूपी के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में भाई-बहन के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सोमवार को अमर सिंह नामक युवक ने अपनी 17 वर्षीय बहन राज दुलारी की कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी और शव को घर के भूसे में छिपाकर फरार हो गया। घटना तब सामने आई जब काम से लौटे पिता ने घर में खून के धब्बे देखे और उनकी पड़ताल करते हुए भूसे के ढेर में से बेटी का शव बरामद किया।
घर में हुआ विवाद, फिर हत्या
घटना सोमवार सुबह की है। उस वक्त घर पर सिर्फ अमर सिंह और उसकी बहन राज दुलारी मौजूद थे। लड़की रसोई में खाना बना रही थी, तभी किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर अमर सिंह ने कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे बहन की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद अमर सिंह ने शव को खून से लथपथ हालत में भूसे के ढेर में छिपा दिया और खुद भाग निकला।
पिता ने देखा खून, फिर खोजा शव
दोपहर में जब पिता काम से लौटे, तो उन्हें आंगन में खून के छींटे दिखाई दिए। उनका पीछा करते हुए जब वे भूसा घर पहुंचे, तो भूसे में दबा हुआ बेटी का शव मिला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मानसिक स्थिति का हवाला
घटना के बाद कुछ परिजन आरोपी भाई को मानसिक रूप से अस्वस्थ बता रहे हैं, ताकि उसे बचाया जा सके। हालांकि पुलिस इसे गंभीर हत्या का मामला मान रही है और तफ्तीश में जुटी है। कोतवाली कोखराज प्रभारी चंद्र भूषण मौर्य ने मीडिया को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू विवाद बताई जा रही है।
