सुलतानपुर : सुल्तानपुर में जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सख्त कार्रवाई की है। तीन थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर करने के बाद नौ निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है। कई थानों को नए प्रभारी मिले हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को थानों से हटाकर दूसरे विभागों में भेजा गया है।
किस अधिकारी को कहां मिली जिम्मेदारी?
एसपी के आदेश के मुताबिक निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्र को प्रभारी वीआईपी एवं एंटी भू-माफिया सेल से मोतिगरपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। निरीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव को हलियापुर से गोसाईगंज, निरीक्षक शिवनारायण सिंह को पुलिस लाइन से लंभुआ और निरीक्षक कमलाकान्त त्रिपाठी को धम्मौर से कोतवाली देहात भेजा गया है। निरीक्षक धर्मवीर सिंह को कोतवाली देहात से धम्मौर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। महिला निरीक्षक हंसमती को महिला थाने से महिला सहायता प्रकोष्ठ भेजा गया है। उपनिरीक्षक अंजू मिश्रा को धनपतगंज से महिला थानाध्यक्ष, उपनिरीक्षक संदीप त्रिपाठी को देहली बाजार चौकी से धनपतगंज थानाध्यक्ष और उपनिरीक्षक तरुण कुमार पटेल को कादीपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पद से चांदा थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिकायतों की समीक्षा में सामने आई लापरवाही
इससे पहले शनिवार रात जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा में गोसाईगंज, मोतिगरपुर और चांदा थाना प्रभारियों के काम में लापरवाही और उदासीनता सामने आई थी। इसके बाद निरीक्षक अखण्ड देव मिश्रा, निरीक्षक अनिरुद्ध कुमार सिंह और निरीक्षक राजकुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। तीनों अधिकारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच और आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।
जनशिकायतों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एसपी
एसपी विनीत जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता, लापरवाही या कर्तव्य निर्वहन में शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को जनसुनवाई प्रभावी बनाने, प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
