अयोध्या : अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम तक चलने वाली साप्ताहिक सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ सोमवार को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं ट्रेन को रवाना करेंगे। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन संख्या 04295 सोमवार, 23 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे अयोध्या धाम से रवाना होगी। यह मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हाल्ट, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार सुबह 10 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04296 मंगलवार, 24 नवंबर को दोपहर 1 बजे जनकपुर धाम से रवाना होकर बुधवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।
17 कोच की ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच होंगे। इनमें सात स्लीपर, तीन एसी थ्री टियर, दो एसी टू टियर, पावर कार, गार्ड कोच और एसएलआरडी कोच शामिल हैं। नियमित संचालन की अधिसूचना पूर्व मध्य रेलवे की ओर से अलग से जारी की जाएगी। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर जीआरपी कार्यालय के सामने भव्य मंच तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री टेढ़ी बाजार प्रवेश द्वार से पहुंचेंगे। उनके लिए जीआरपी कार्यालय में रेस्ट रूम बनाया गया है और मंच तक पहुंचने के लिए अस्थायी मार्ग तैयार किया गया है। समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह सहित साधु-संत और गणमान्य लोग शामिल होंगे।
भारत-नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध होंगे मजबूत
नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने रेलवे स्टेशन पर तैयारियों का निरीक्षण करते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क मजबूत होना बड़ी उपलब्धि है। इससे दोनों देशों के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने भी स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। समारोह के दौरान अन्य ट्रेनों का संचालन प्लेटफार्म नंबर दो से किया जाएगा और यात्रियों का आवागमन मुख्य भवन से होगा।
सुरक्षा के लिए 350 अतिरिक्त जवान तैनात
मुख्यमंत्री के आगमन और समारोह को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आरपीएफ के 200 और जीआरपी के 150 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। प्रवेश द्वारों पर पुलिस, पीएसी और यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड ने कार्यक्रम स्थल सहित पूरे स्टेशन परिसर की जांच की है।
स्टेशन की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित, डायवर्जन लागू
अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सोमवार सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों के वाहन टेढ़ी बाजार की ओर लंगडवीर फ्लाईओवर और रेलवे स्टेशन के बीच निर्धारित पार्किंग में खड़े किए जाएंगे। एसपी यातायात सुधीर जायसवाल ने लोगों से निर्धारित मार्गों का प्रयोग करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
