नेताजी होते तो देशभर में गूंजते जन्मदिन के नारे
मुलायम सिंह यादव आज हमारे बीच होते तो 88 वर्ष के होते। उनकी जयंती पर समाजवादी पार्टी ने जिस उत्साह से कार्यक्रम आयोजित किए, उससे भी बड़े आयोजन देशभर में होते। ‘जिसका जलवा कायम है, उसका नाम मुलायम है’ और ‘धरती पुत्र मुलायम सिंह जिंदाबाद’ जैसे नारे गूंजते। यह विचार डॉ. सुनीलम ने नेताजी की जयंती पर लिखे अपने लेख में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव आज होते तो उत्तर प्रदेश में नफरत और बुलडोजर की राजनीति के खिलाफ यात्राएं निकाल रहे होते और इंडिया गठबंधन उनके संरक्षण में मजबूत हो रहा होता।
नीतीश और चंद्रबाबू को NDA में जाने से रोकने का दावा
डॉ. सुनीलम ने लिखा कि यदि मुलायम सिंह यादव 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की 40 सीटों पर जीत के बाद सक्रिय होते, तो संभवतः चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार को एनडीए के पाले में जाने से रोक लेते। उनके मुताबिक, ऐसा होने पर नरेंद्र मोदी की सरकार नहीं बन पाती। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक कौशल और चरखा दांव का जिक्र करते हुए कहा कि नेताजी प्रधानमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदारों में होते।
अखिलेश यादव की राजनीति और सामाजिक न्याय
डॉ. सुनीलम ने स्पष्ट किया कि नेताजी की क्षमताओं का जिक्र करना अखिलेश यादव को कमतर आंकना नहीं है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध रखते थे और विरोधियों से भी व्यक्तिगत रिश्ते बनाए रखते थे। संकट में फंसे कार्यकर्ताओं और राजनीतिक विरोधियों की मदद करने की उनकी शैली अलग पहचान थी। लेख में अखिलेश यादव की राजनीति की तुलना करते हुए कहा गया कि जिस तरह मुलायम सिंह यादव ने कांशीराम और फूलन देवी को चुनाव जिताने में भूमिका निभाई, उसी तरह अखिलेश यादव ने अवधेश प्रसाद सहित बहुजन समाज के नेताओं को संसद और विधानसभा तक पहुंचाया।
लोहिया-अंबेडकर विचारधारा को आगे बढ़ाने का प्रयास
डॉ. सुनीलम के मुताबिक, डॉ. राममनोहर लोहिया और बाबा साहेब अंबेडकर सामाजिक न्याय की राजनीति को मुख्यधारा में स्थापित करना चाहते थे। मुलायम सिंह यादव ने बसपा के साथ गठबंधन करके इस दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने भी दलित नेताओं को समाजवादी पार्टी में प्रतिनिधित्व और टिकट देकर पार्टी से जोड़ा। बाबा साहेब को डॉ. लोहिया के समकक्ष सम्मान देने और कांशीराम को सम्मानित स्थान देने की राजनीति का असर जमीन पर दिखाई दे रहा है। आगरा में रामजीलाल सुमन के नेतृत्व में आयोजित दलित सम्मेलन को उन्होंने इसी दिशा का उदाहरण बताया।
किसानों की पार्टी के रूप में सपा का दावा
मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी को किसानों की पार्टी बताते थे। डॉ. सुनीलम ने कहा कि अखिलेश यादव ने पिछले चुनाव में किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने का वादा घोषणापत्र में शामिल कर इस विचार को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि नेताजी भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन समाजवादी राजनीति देश और दुनिया के राजनीतिक पटल पर मजबूती से दिखाई दे रही है। चीन के प्रति मुलायम सिंह यादव की चेतावनियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज उनकी चिंताएं सही साबित होती दिखाई पड़ रही हैं।
