टोंक। राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद टोंक जिले के पीपलू क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें हटाने का मामला सामने आया है। यहां निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक की पत्नी प्रियंका शर्मा पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हार गईं। इसके कुछ घंटे बाद ही बिजली निगम की टीम गांवों और ढाणियों में लगी स्ट्रीट लाइटें खोलकर ले गई। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए ये लाइटें लगवाई गई थीं, लेकिन प्रत्याशी की हार के बाद इन्हें हटवा दिया गया। कार्रवाई से क्षेत्र में नाराजगी फैल गई है।
दीपावली से पहले लगाई गई थीं करीब 50 लाइटें
मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-दो का है। यहां भाजपा प्रत्याशी प्रियंका शर्मा चुनाव मैदान में थीं। बताया जा रहा है कि वह निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक की पत्नी हैं। दीपावली से पहले क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में करीब 50 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। इनसे ग्रामीणों को रात के समय अंधेरे से राहत मिली थी। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्रियंका शर्मा को हार का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के मुताबिक, नतीजे आने के कुछ घंटे बाद बिजली निगम पीपलू की गाड़ी गांव पहुंची और टीम स्ट्रीट लाइटें खोलकर ले गई।
ग्रामीणों ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
स्थानीय वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी की हार के बाद बिजली निगम की टीम लाइटें हटाने पहुंची थी। ग्रामीणों ने विरोध किया तो निगम की ओर से लाइटों को अवैध बताया गया।ग्रामीणों का सवाल है कि यदि लाइटें अवैध थीं तो दीपावली से पहले इन्हें लगाते समय कार्रवाई क्यों नहीं की गई? चुनाव परिणाम आने के बाद ही इन्हें हटाने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या यह कार्रवाई किसी के इशारे पर की गई?
हनीफगंज और कुम्हारों की ढाणी में आक्रोश
पीपलू क्षेत्र के हनीफगंज और कुम्हारों की ढाणी में स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने से ग्रामीणों में खासा आक्रोश है। उनका कहना है कि लाइटें पूरे गांव की सुविधा के लिए लगाई गई थीं, ऐसे में चुनाव में हार-जीत का खामियाजा आम ग्रामीणों को क्यों भुगतना पड़े? ग्रामीणों ने बिजली निगम से कार्रवाई का आधार स्पष्ट करने की मांग की है। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। बिजली निगम की ओर से कार्रवाई का विस्तृत कारण और विधायक पक्ष का जवाब सामने नहीं आया है।
