पीलीभीत। बीसलपुर मंडी समिति में धान खरीद के टोकन के नाम पर किसानों से अवैध वसूली किए जाने की शिकायत जांच में फर्जी निकली है। जिलाधिकारी के आदेश पर मंडी सचिव प्रवीण अवस्थी ने मंडी पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान मंडी में मौजूद किसानों ने टोकन के नाम पर किसी भी तरह की अवैध उगाही होने से साफ इनकार किया। जांच के बाद मंडी सचिव ने धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और कर्मचारियों को पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीएम के आदेश पर किया औचक निरीक्षण
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से बीसलपुर मंडी में धान का टोकन कटवाने के नाम पर प्राइवेट लोगों द्वारा किसानों से रुपये वसूलने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए डीएम के आदेश पर पीलीभीत मंडी सचिव प्रवीण अवस्थी ने बीसलपुर मंडी का औचक निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर शिकायतों की हकीकत जानी गई। जांच के दौरान किसानों ने अवैध वसूली की बात से इनकार किया।
टोकन काउंटर और तौल कांटों की व्यवस्था परखी
शिकायतों की जांच के बाद मंडी सचिव ने परिसर में लगे धान के ढेरों का जायजा लिया। उन्होंने टोकन काउंटर, तौल कांटों और किसानों के बैठने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को धान खरीद से जुड़ी जरूरी सलाह दी गई। मंडी सचिव ने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न होने दी जाए और खरीद प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए।
अवैध वसूली की शिकायत सीधे करने की अपील
मंडी सचिव प्रवीण अवस्थी ने किसानों से कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति टोकन या धान खरीद के नाम पर उनसे पैसे मांगता है तो वे सीधे उनसे शिकायत करें। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मंडी कर्मचारियों को भी किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
