पीलीभीत। जिले में रोजाना सफर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। बीसलपुर-बिलसंडा-बंडा-खुटार मार्ग का 91 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से चौड़ीकरण कराया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद की पहल पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके पूरा होने से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों और कई नगरों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से हो रही थी चौड़ीकरण की मांग
क्रांतिकारी विचार मंच उत्तर प्रदेश के प्रांतीय संरक्षक एवं किसान नेता देव स्वरूप पटेल ने बताया कि मार्ग पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग उठ रही थी। उन्होंने इस समस्या से केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद को अवगत कराते हुए मार्ग का चौड़ीकरण कराने का आग्रह किया था।
जितिन प्रसाद ने शासन को प्रस्ताव भेजने के दिए निर्देश
देव स्वरूप पटेल के अनुसार, जितिन प्रसाद ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति दिलाने के लिए पैरवी की। अब 91.32 करोड़ रुपये की इस परियोजना के प्रस्ताव पर शासन स्तर से मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
नए पुल से पहले ही मिल चुकी है राहत
देव स्वरूप पटेल ने बताया कि मकसूदापुर चीनी मिल के निकट बड़ी हरदोई नहर ब्रांच पर 16 करोड़ रुपये की लागत से नया चौड़ा पुल पहले ही बन चुका है। पिछले वर्ष पुल चालू होने के बाद बिलसंडा-बंडा के बीच जाम की समस्या से लोगों को राहत मिली थी। अब सड़क का चौड़ीकरण होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
