बरेली। जिले में मतदाता बनने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची की तुलना में अब तक बरेली में 31,695 नए मतदाता बढ़ गए हैं। खास बात यह है कि नए मतदाता बनने के मामले में महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है। जिले की नौ विधानसभा सीटों पर अब कुल 29,80,682 मतदाता हो गए हैं। मंगलवार से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन कराने का नया अभियान भी शुरू हो गया है। डीएम अविनाश सिंह ने 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं से जल्द नाम जुड़वाने की अपील की है। एक जनवरी 2027 तक 18 साल के होने वाले युवा भी अभी आवेदन कर सकते हैं।
महिलाओं ने नए मतदाता बनने में पुरुषों को पछाड़ा
डीएम के मुताबिक, 10 अप्रैल के बाद से जिले में 31,695 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इनमें 14,534 पुरुष और 17,168 महिलाएं शामिल हैं। मौजूदा मतदाता सूची में 16,23,852 पुरुष, 13,56,744 महिलाएं और 56 तृतीय लिंग के मतदाता दर्ज हैं। इस तरह जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 29,80,682 पहुंच गई है। प्रशासन के अनुसार, नए मतदाताओं में 18 से 19 साल के युवाओं की भी बड़ी हिस्सेदारी है।
फॉर्म-6, 7 और 8 से जुड़वाएं, हटवाएं और सुधारें नाम
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवा फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। जिनकी उम्र एक जनवरी 2027 तक 18 साल हो जाएगी, वे भी अभी आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति का नाम पहले मतदाता सूची में था, लेकिन नई सूची में नहीं है तो वह भी दोबारा फॉर्म-6 भर सकता है। वहीं, किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य जानकारी में गलती सुधारने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। डीएम ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास ऐसे युवाओं को भी मतदाता बनने के लिए जागरूक करें, जिनका नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हुआ है।
21 नवंबर से बूथों पर मिलेंगे बीएलओ, 16 दिसंबर तक दावा-आपत्ति
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और गड़बड़ियां ठीक कराने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन चारों दिनों में हर मतदान केंद्र पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। लोग अपने बूथ पर पहुंचकर फॉर्म-6, 7 और 8 जमा कर सकेंगे। जिले की नौ विधानसभा सीटों में कुल 1,941 मतदान केंद्र और 3,807 मतदेय स्थल हैं। बीएलओ बूथों पर मतदाता सूची पढ़कर भी सुनाएंगे, जिससे लोग अपने और परिवार के सदस्यों के नाम की जांच कर सकेंगे। 17 नवंबर को मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन कर दिया गया है। अब 16 दिसंबर तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद 28 दिसंबर तक इनका निस्तारण किया जाएगा। चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। राजनीतिक दलों को भी सूची की हार्ड कॉपी और बिना फोटो वाली सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे अपने बूथ एजेंटों के माध्यम से नामों की जांच करा सकें। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि मतदाता सूची में कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए और कोई अपात्र व्यक्ति शामिल नहीं रहना चाहिए। इसके लिए कॉलेजों से लेकर घरों तक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इंजीनियरिंग, मेडिकल, डिग्री और इंटर कॉलेजों में भी युवाओं को मतदाता बनने के लिए जागरूक किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और गड़बड़ी मिलने पर समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
