लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर अगले साल होने वाले चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर सोमवार को पार्टी की बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि समाजवादी पार्टी उनकी महत्वपूर्ण सहयोगी है और सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। उन्होंने सभी को साथ लेकर चलने की बात भी कही।
कांग्रेस ने सपा को सौंपी 181 सीटों की सूची
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को करीब 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है। पार्टी ने ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर इन सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत होने का दावा किया है। कांग्रेस का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में इन क्षेत्रों में उसके पक्ष में माहौल बदला है। हालांकि, कांग्रेस की इस मांग को लेकर सपा में असमंजस की स्थिति बताई जा रही है। इसकी वजह 2022 के विधानसभा चुनाव के नतीजे हैं। उस चुनाव में कांग्रेस को केवल 2.33 प्रतिशत वोट मिले थे और पार्टी सिर्फ दो सीटें जीत सकी थी। ऐसे में सीटों की संख्या और जीत की संभावनाओं को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत अहम मानी जा रही है।
आराधना मिश्रा बोलीं- सीटों की संख्या पर अभी फैसला नहीं
बैठक से पहले कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा चल रही है और प्रदेश के नेताओं से सुझाव मांगे गए हैं। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
17 नवंबर को लखनऊ में होगी सपा-कांग्रेस की बैठक
सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच 17 नवंबर को लखनऊ में औपचारिक बैठक होगी। इसमें दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। दोनों दलों की कमेटियां एक-एक विधानसभा सीट पर जीत की संभावनाओं के आधार पर चर्चा करेंगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा जीतने की क्षमता के आधार पर होगा। दोनों दलों के बीच बातचीत पूरी होने के बाद सीटों को लेकर अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा।
