नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 17 से 21 नवंबर तक तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर भारत में पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते सर्दी बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जबकि राजस्थान में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आशंका, तीन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन सोमवार शाम तक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है। इसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट की ओर जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने 17 से 21 नवंबर तक तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 19 और 20 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। तेज हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को 20 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में बारिश के बाद बढ़ी सर्दी, पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड
राजस्थान में पिछले दो दिनों हुई बारिश ने सर्दी बढ़ा दी है। बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर, करौली और फतेहपुर में भी दिन सामान्य से ज्यादा ठंडा रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पाली में 34.4, बाड़मेर में 34, अजमेर में 33.1, जोधपुर और डूंगरपुर में 32.3, भीलवाड़ा में 33 और टोंक में 31.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में अगले तीन-चार दिन मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड के केदारनाथ में रविवार देर रात बर्फबारी हुई। इससे पहले बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी बर्फबारी हो चुकी है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं का असर बढ़ गया है।
यूपी के 21 शहरों में घना कोहरा, गाजियाबाद में AQI 338
उत्तर प्रदेश में बारिश और पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते ठंड बढ़ गई है। सोमवार सुबह लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत 21 शहरों में घना कोहरा छाया रहा। देवरिया, बस्ती और फतेहपुर में दृश्यता काफी कम हो गई। इन इलाकों में सड़कों पर 20 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण प्रदेश में ठंड बढ़ रही है। ठंडी हवाओं की वजह से तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर तक दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। सुबह के समय घना कोहरा छाने की भी संभावना है। उधर, दिवाली पर हुई आतिशबाजी के बाद नोएडा-गाजियाबाद समेत 30 से ज्यादा शहरों की हवा दूषित बनी हुई है। इनमें 10 शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 के पार दर्ज किया गया। गाजियाबाद के लोनी में AQI 338 तक पहुंच गया, जबकि नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई है।
