मथुरा। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी सोमवार से मथुरा में दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित करेगी। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनावी रणनीति के साथ देश के बदलते राजनीतिक घटनाक्रम और संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे। शिविर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में होगा मंथन
चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े तथा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष मौजूद रहेंगे। इसके अलावा पार्टी के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों के प्रभारी और प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य भी शिविर में हिस्सा लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को मथुरा पहुंचेंगे।
बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर
दो दिवसीय शिविर में संगठन की कार्यप्रणाली की समीक्षा के साथ आगामी चुनावी कार्ययोजना पर गहन मंथन होगा। पार्टी का फोकस बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, शक्ति केंद्रों को मजबूत करने और मतदाताओं से घर-घर संपर्क स्थापित करने पर रहेगा। इसके साथ ही समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंच बनाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
युवाओं और महिलाओं से जुड़ाव पर खास फोकस
चिंतन शिविर में नए मतदाताओं, युवाओं और महिलाओं के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने को लेकर भी चर्चा होगी। इसके अलावा विपक्ष की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों और राजनीतिक हमलों का जवाब देने की रणनीति पर विचार किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठन को चुनाव के लिए सक्रिय और मजबूत बनाने से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
