बाराबंकी। लखनऊ के करीब प्रकृति प्रेमियों और पक्षियों की खूबसूरत दुनिया को कैमरे में कैद करने के शौकीनों के लिए जल्द ही नया बर्डिंग डेस्टिनेशन विकसित हो सकता है। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की झीलों और वेटलैंड्स को पर्यटन से जोड़ने के लिए बर्डिंग सर्किट विकसित करने की तैयारी है। यहां प्रवासी पक्षियों के दीदार के लिए बर्ड वॉचिंग टावर, नेचर ट्रेल्स और इको टूरिज्म जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इससे प्राकृतिक विरासत के संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
फोटोग्राफी प्रदर्शनी में हुई बर्डिंग सर्किट की घोषणा
शनिवार को सफेदाबाद स्थित शालीमार मन्नत के मंशा क्लब में वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर नवीन बनौधा की ओर से आयोजित दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी ‘Wetlands & Wetland Birds of Barabanki’ का उद्घाटन हुआ। प्रदर्शनी में जिले की झीलों, वेटलैंड्स और वहां विचरण करने वाले पक्षियों की खूबसूरत तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस संजय कुमार, डायरेक्टर रूपम ने प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के साथ ‘Wetlands & Wetland Birds of Barabanki’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि तस्वीरों के माध्यम से लोगों को जिले की प्राकृतिक विरासत और वेटलैंड्स में आने वाले पक्षियों से रूबरू कराया जा रहा है। इसी दौरान उन्होंने बाराबंकी में बर्डिंग सर्किट विकसित करने की घोषणा की।
अयोध्या और गोंडा रूट से जोड़ने की तैयारी
आईएएस संजय कुमार ने बताया कि बाराबंकी में वेटलैंड्स की संख्या और गुणवत्ता दोनों के लिहाज से प्राकृतिक संपदा मौजूद है। घाघरा नदी और सेंट्रल एशियन फ्लाईवे के करीब होने के कारण यहां बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है। अयोध्या और गोंडा रूट को ध्यान में रखते हुए बर्डिंग सर्किट विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एसीएस पर्यटन अमृत अभिजात से भी इस संबंध में चर्चा हुई है। शासन की ओर से कुछ झीलों के विकास और इको टूरिज्म के लिए बजट भी मिला है। योजना के तहत झीलों के संरक्षण के साथ बर्ड वॉचिंग टावर और नेचर ट्रेल्स जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इससे पर्यटकों को नया ठिकाना मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
फोटोग्राफी के जरिए प्राकृतिक विरासत को मिली पहचान
प्रदर्शनी में पहुंचे फोटोग्राफरों ने नवीन बनौधा के प्रयासों की सराहना की। फोटोग्राफर गौरव ने कहा कि नवीन बनौधा ने मेहनत करके बाराबंकी के वेटलैंड्स को पहचान दिलाने का काम किया है। जिन झीलों और प्राकृतिक स्थलों पर पहले अतिक्रमण हो रहा था, वहां अब लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। फोटोग्राफी के जरिए इन जगहों को पहचान मिलने से उनके संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सकता है। लखनऊ के फोटोग्राफर अली ने बताया कि लखनऊ के आसपास इतने अच्छे बर्डिंग डेस्टिनेशन होना बड़ी बात है। पहले पक्षियों को देखने और उनकी फोटोग्राफी के लिए लोगों को भरतपुर जैसे दूर-दराज के स्थानों पर जाना पड़ता था। बाराबंकी में ही ऐसी सुविधाएं विकसित होने से युवाओं को भी प्रकृति और पक्षियों के करीब आने का अवसर मिलेगा।
