बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर दर्दनाक मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि तेज आवाज के कारण महज 20 दिन की नवजात बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर डीजे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घर के पास डीजे रोककर बजाए जा रहे थे गाने
जानकारी के अनुसार, मुड़ियारी गांव निवासी रीमा देवी कुछ दिन पहले अपनी ससुराल से मायके आई थीं। करीब 20 दिन पहले ही उन्होंने बच्ची को जन्म दिया था। शुक्रवार को रीमा देवी अपनी नवजात बच्ची के साथ घर की झोपड़ी में सो रही थीं। इसी दौरान गांव में मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे लोगों ने उनके घर के पास डीजे रोक दिया और तेज आवाज में गाने बजाने लगे। परिजनों का आरोप है कि डीजे की आवाज इतनी तेज थी कि घर में सो रही बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। रीमा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों ने डीजे की आवाज कम करने की अपील की, लेकिन आरोप है कि उनकी बात अनसुनी कर दी गई। कुछ ही देर बाद बच्ची की धड़कन रुक गई और उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा, डीजे कब्जे में
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर डीजे को कब्जे में ले लिया गया है। मृत बच्ची की मां रीमा देवी ने घटना को लेकर अपनी पीड़ा और आरोप बताए। वहीं, बच्ची की मामी रिंकू देवी ने भी डीजे की तेज आवाज और परिवार के विरोध के बावजूद आवाज कम नहीं किए जाने की बात कही।
जांच के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
बलिया के पुलिस उपाधीक्षक जय शंकर मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। डीजे को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, 20 दिन की मासूम की मौत से गांव में शोक का माहौल है। हालांकि, बच्ची की मौत का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
