बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की 17 नवंबर से शुरू होने वाली विषम सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। परीक्षा फॉर्म में जेंडर की गलत जानकारी भरने वाले पुरुष अभ्यर्थियों को स्वकेंद्र परीक्षा की सुविधा नहीं मिलेगी। आवेदन पत्र में खुद को महिला दर्शाकर स्वकेंद्र आवंटित कराने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर स्वकेंद्र दर्ज होने के बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से निर्धारित बाहरी परीक्षा केंद्र पर ही परीक्षा देनी होगी।
गलत जानकारी के आधार पर नहीं मिलेगा स्वकेंद्र
दरअसल, परीक्षा फॉर्म भरते समय कुछ विद्यार्थियों के जेंडर वाले कॉलम में गलती से महिला दर्ज हो जाता है। इस तकनीकी त्रुटि के कारण परीक्षा प्रणाली उन्हें उनके ही कॉलेज में परीक्षा केंद्र आवंटित कर देती है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि रिकॉर्ड में महिला दर्ज होने के आधार पर किसी पुरुष परीक्षार्थी को स्वकेंद्र की सुविधा नहीं दी जाएगी। ऐसे अभ्यर्थियों को निर्धारित बाहरी केंद्र पर जाकर ही परीक्षा देनी होगी।
कॉलेजों को आवेदन पत्रों की जांच के निर्देश
परीक्षा शुरू होने से पहले विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को विद्यार्थियों के आवेदन पत्रों की दोबारा जांच करने के निर्देश दिए हैं। प्राचार्यों और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों को जेंडर संबंधी विवरण का मूल रिकॉर्ड से मिलान करने को कहा गया है। किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर नियमानुसार सुधार कराने के साथ परीक्षा विभाग को भी इसकी जानकारी देनी होगी।
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी कॉलेजों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा है। यदि किसी पुरुष परीक्षार्थी को गलत जेंडर की जानकारी के आधार पर स्वकेंद्र में परीक्षा देने की अनुमति दी जाती है तो उसकी परीक्षा निरस्त की जा सकती है। इसके साथ ही लापरवाही बरतने वाले संबंधित कॉलेज और केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
