प्रयागराज। संगठन के प्रति उदासीनता और शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों की अनदेखी उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को भारी पड़ गई है। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित पार्टी की अहम रैली में शामिल नहीं होने पर केंद्रीय नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर उत्तर प्रदेश इकाई के कुल 68 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनमें प्रयागराज के जिलाध्यक्ष समेत कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल हैं।
12 जिलाध्यक्षों पर गिरी गाज
संगठन में अनुशासन कायम रखने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई को प्रदेश स्तर पर बड़ा कदम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने रैली में पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी को घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा है। जारी आदेश के मुताबिक, निलंबित किए गए पदाधिकारियों में प्रयागराज के जिलाध्यक्ष सौरभ पांडेय सहित कुल 12 जिलाध्यक्ष शामिल हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष और महासचिव भी निलंबित
कार्रवाई की जद में प्रांतीय स्तर के पदाधिकारी भी आए हैं। इनमें प्रयागराज से जुड़े जितेश कुमार मिश्रा समेत तीन प्रदेश उपाध्यक्ष शामिल हैं। इसके अलावा संगठन के 33 प्रदेश महासचिवों को भी निलंबित किया गया है। इनमें प्रयागराज के निशांत रस्तोगी और अनुभव सिंह के नाम प्रमुख हैं।
प्रदेश सचिवों समेत 68 पदाधिकारियों पर कार्रवाई
निलंबन की सूची में आयुष मौर्य समेत 18 प्रदेश सचिव, एक संयुक्त सचिव और एक सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर का नाम भी शामिल है। राष्ट्रीय नेतृत्व के इस फैसले के बाद उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस में हलचल मची हुई है। इस कार्रवाई को संगठन में अनुशासन और सक्रियता को लेकर शीर्ष नेतृत्व के कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
