बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई है। बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला गांव में अज्ञात हमलावरों ने एक विधवा महिला और उसके धेवते की हत्या कर दी। एक ही घर में दो लोगों की हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
लूटपाट के बाद हत्या की आशंका
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के दौरान नानी या धेवते ने हमलावरों को पहचान लिया होगा। पहचान उजागर होने के डर से बदमाशों ने दोनों की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक लूटपाट को हत्या की वजह होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस के काफी देर बाद घटनास्थल पर पहुंचने की बात सामने आई है। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घर में लूटपाट होने की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वारदात का वास्तविक कारण क्या है और लूट हुई है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही हो सकेगी।
