रिफाइनरी क्षेत्र के नगला बर निवासी सचिन शर्मा दो साल से खुद को बता रहा था ईडी अधिकारी, सीओ के सवालों पर खुली पोल
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर रौब जमाने वाले युवक को पुलिस ने पकड़ लिया। युवक अपनी निजी कार पर नीली बत्ती लगाकर घूमता था और अधिकारियों पर भी प्रभाव जमाने की कोशिश करता था। उसकी पहचान थाना रिफाइनरी क्षेत्र के दीनदयाल धाम स्थित नगला बर निवासी सचिन शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब दो साल से खुद को ईडी अधिकारी बताकर लोगों के बीच रौब जमा रहा था। उसके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें हुई थीं, जिनकी जांच एसएसपी स्तर से की जा रही थी।
सीओ के सवालों पर घबराया युवक
सोमवार दोपहर सचिन शर्मा अपनी निजी कार पर नीली बत्ती लगाकर किसी काम से सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी के कार्यालय पहुंचा। युवक के व्यवहार पर सीओ को शक हुआ तो उन्होंने उससे ईडी अधिकारी होने का प्रमाण मांगा। इस पर सचिन घबरा गया और रोने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसने ईडी में नौकरी पाने के लिए कोचिंग की थी, लेकिन उसका चयन नहीं हो सका। अधिकारी बनने का सपना पूरा नहीं होने पर उसने खुद को ईडी अधिकारी बताकर रौब जमाना शुरू कर दिया।
चाचा पर भी फर्जी नौकरी का मामला
सचिन शर्मा के चाचा मुकेश शर्मा पर भी शिक्षा विभाग में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी करने का मामला अदालत में चल रहा है। आरोप है कि मुकेश शर्मा के साले जगदीश शर्मा निवासी पथोली की वर्ष 1990 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वर्ष 1994 में मुकेश ने उनके दस्तावेजों के आधार पर नौकरी शुरू कर दी। मामला सामने आने के बाद तत्कालीन बीएसए आगरा ने वर्ष 2018 में उन्हें बर्खास्त कर दिया था।
पिता के बारे में भी सामने आई जानकारी
सचिन के पिता को लेकर भी जानकारी सामने आई है कि वह अपने निजी वाहन में दरोगा की टोपी रखकर टैक्सी चलाते थे। फिलहाल सचिन के खुद को ईडी अधिकारी बताने और नीली बत्ती लगाकर घूमने के मामले में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
