दो महीने पहले नौकरी के सिलसिले में आये थे बरेली,टांडा गंगाजी के पास शव बरामद, भाई ने कंपनी प्रबंधन पर मानसिक तनाव देने और घटना के बाद संपर्क नहीं करने का लगाया आरोप
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में दिवाली के त्योहार के बीच एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। बिहार से नौकरी करने बरेली आए एक इलेक्ट्रिक कंपनी के इंजीनियर का शव रामगंगा नदी से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान बिहार निवासी राहुल कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो महीने से बरेली में रहकर कंपनी का काम संभाल रहे थे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन की ओर से राहुल पर लगातार काम का अत्यधिक दबाव बनाया जा रहा था। इससे वह मानसिक तनाव में थे। परिवार ने इसी तनाव को उनकी मौत की संभावित वजह बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि राहुल नदी में कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। आत्महत्या की आशंका भी परिजनों ने जताई है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
दो महीने पहले नौकरी के सिलसिले में आए थे बरेली
जानकारी के मुताबिक, राहुल कुमार सिंह बिहार के ईश्वरपुर थाना क्षेत्र के गांव सोमभा के रहने वाले थे। वह एक इलेक्ट्रिक कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। कंपनी की ओर से उन्हें काम के सिलसिले में बरेली भेजा गया था। करीब दो महीने से वह परिवार से दूर रहकर यहां नौकरी कर रहे थे। मृतक के छोटे भाई ऋतुराज कुमार सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि राहुल अपने काम को लेकर काफी जिम्मेदार थे। परिवार को उम्मीद थी कि नौकरी पूरी होने के बाद वह घर लौटेंगे, लेकिन दिवाली के दौरान उनकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
रामगंगा में डूबने की मिली थी सूचना

बताया गया है कि शनिवार शाम सुभाषनगर पुलिस को रामगंगा नदी में एक युवक के डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद सुभाषनगर और भमोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। काफी प्रयासों के बाद गांव टांडा गंगाजी के पास रामगंगा नदी से युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान राहुल कुमार सिंह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने बिहार में रह रहे परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बरेली पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस पर राहुल का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
कंपनी पर काम का अत्यधिक दबाव बनाने का आरोप
राहुल की मौत के बाद उनके छोटे भाई ऋतुराज कुमार सिंह ने कंपनी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि कंपनी की ओर से राहुल पर लगातार काम का अत्यधिक दबाव बनाया जा रहा था। इस वजह से वह मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। भाई ने आशंका जताई कि काम के दबाव और मानसिक तनाव के चलते ही राहुल ने रामगंगा नदी में छलांग लगाई होगी। हालांकि, यह परिजनों की आशंका है। पुलिस जांच में ही स्पष्ट हो सकेगा कि राहुल की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या था और क्या कंपनी में काम की परिस्थितियों का इस घटना से कोई संबंध था।
मौत के बाद कंपनी प्रबंधन की भूमिका पर भी उठाए सवाल
परिजनों ने कंपनी प्रबंधन के रवैये पर भी नाराजगी जताई है। मृतक के भाई का आरोप है कि घटना के बाद कंपनी के किसी जिम्मेदार अधिकारी ने परिवार से संपर्क नहीं किया और न ही राहुल के बारे में कोई जानकारी उपलब्ध कराई। परिवार का कहना है कि यदि राहुल पर काम का दबाव था तो इसकी भी जांच होनी चाहिए।इसके साथ ही घटना से पहले और बाद में कंपनी प्रबंधन की भूमिका की पड़ताल की जानी चाहिए। परिजनों ने पुलिस से यह पता लगाने की मांग की है कि राहुल किन परिस्थितियों में नदी तक पहुंचे और घटना से पहले उनके साथ क्या कुछ हुआ था।
दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, मां का रो-रोकर बुरा हाल
राहुल कुमार सिंह दो भाइयों में बड़े थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस समय परिवार दिवाली के त्योहार की खुशियां मनाने की तैयारी कर रहा था।उसी दौरान जवान बेटे की मौत की खबर ने सबको गहरे सदमे में डाल दिया। मां मीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के अन्य सदस्यों का भी दुख से बुरा हाल है। बिहार से बरेली तक इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
परिजनों ने पुलिस से राहुल की मौत की परिस्थितियों की हर पहलू से जांच कराने की मांग की है। परिवार चाहता है कि नदी में डूबने की घटना से लेकर कंपनी में काम की परिस्थितियों और कथित मानसिक दबाव तक सभी पहलुओं की पड़ताल की जाए। फिलहाल, पोस्टमार्टम के बाद पुलिस जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। कंपनी प्रबंधन का पक्ष भी अभी सामने नहीं आया है। ऐसे में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
