मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी में कुछ घंटों के अंतराल पर हुए हादसे, महाराष्ट्र के धाराशिव में भी एक परिवार के छह लोगों की मौत; दुकानों से उठी आग ने मकानों को लिया चपेट में
नई दिल्ली : दिवाली की रात मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के तीन परिवारों के लिए जिंदगी की सबसे दर्दनाक रात बन गई। मध्य प्रदेश के सिवनी और कटनी तथा महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में अलग-अलग स्थानों पर भीषण आग लगने से 18 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। दुकानों में लगी आग देखते ही देखते ऊपर बने मकानों तक पहुंच गई और सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इन हादसों ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं।
सिवनी में सराफा कारोबारी के घर में लगी आग, छह की मौत
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सराफा कारोबारी कुंदन सोनी के मकान में रात करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। जिस समय आग भड़की, उस वक्त परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तीन मंजिला मकान लपटों से घिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन आग पर काबू पाने तक परिवार के छह लोगों की जान जा चुकी थी। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। बताया गया कि घर में कुल 10 लोग मौजूद थे, जिनमें से चार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
कटनी में क्रॉकरी दुकान से तीन मंजिला मकान तक फैली आग
कटनी जिले के बरही कस्बे में दिवाली की रात करीब 11:30 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर ही अग्रवाल परिवार का तीन मंजिला मकान बना हुआ था। आग कुछ ही देर में पूरी इमारत तक फैल गई। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य मकान के ऊपरी हिस्से में सो रहे थे। आग और धुएं के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इस हादसे में परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं, एक पुरुष और एक महिला किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। बरही कस्बे में हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।
महाराष्ट्र के धाराशिव में एक परिवार के छह लोगों की मौत
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येदशी गांव में भी दिवाली की रात एक घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि दम घुटने और झुलसने के कारण सभी की जान चली गई। हादसे में परिवार का एक सदस्य बच गया। तीनों हादसों में कुल 18 लोगों की मौत ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में हुए इन अग्निकांडों से प्रभावित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
