जलालाबाद में गांव ढका और गुलड़िया के बीच हुआ हादसा, दिल्ली से हजारीबाग जा रही थी स्लीपर बस; अज्ञात ट्रक चालक फरार
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद इलाके में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव ढका और गुलड़िया के बीच चैनल संख्या 257 पर बस से उतरकर जांच कर रहे कंडक्टर और हेल्पर को पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंडक्टर का शव क्षत-विक्षत हो गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को कोई चोट नहीं आई।
दिल्ली से हजारीबाग जा रही थी स्लीपर बस
जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस दिल्ली के आनंद विहार से झारखंड के हजारीबाग जा रही थी। रविवार रात करीब 11 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर घटनास्थल के पास बस के पिछले हिस्से के शीशे से कोई जोरदार वस्तु टकराई, जिससे शीशा टूट गया। यात्रियों के कहने पर चालक ने बस रोक दी। इसके बाद कंडक्टर और हेल्पर नीचे उतरकर आसपास जांच करने लगे।
पीछे से आए ट्रक ने दोनों को कुचला
काफी तलाश करने के बाद जब दोनों को कुछ पता नहीं चला तो वे वापस बस में चढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना इतनी भयावह थी कि कंडक्टर बिपिन यादव के शव के क्षत-विक्षत हिस्सों को इकट्ठा करना पड़ा।
बिहार के रहने वाले थे दोनों मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के मुंशी बिवहा निवासी बस कंडक्टर बिपिन यादव (55) और गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के करमाइन निवासी हेल्पर कौशल शाव (35) के रूप में हुई है। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
