बरेली : यूपी के बरेली से रिश्तों को शर्मसार करने का एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी भांजी और उसके बॉयफ्रेंड पर घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, युवती करीब दस साल से अपनी मौसी के घर रह रही थी। आरोप है कि उसने अलमारी में रखे जेवर निकालकर अपने बॉयफ्रेंड को दे दिए। इसके बाद जेवर बेचकर मिले पैसों से दोनों ने अपने-अपने लिए आईफोन खरीदे। इतना ही नहीं, मौसी के घर में एसी भी लगवाया और बची हुई रकम घूमने-फिरने में खर्च कर दी। जेवर गायब होने का पता चलने पर महिला ने बारादरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है
अलमारी से सोने-चांदी के जेवर गायब
मिली जानकारी के मुताबिक, बरेली की राजनगर कॉलोनी निवासी संगीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी दो भांजियां शिप्रा और ईशिता करीब दस साल से उनके घर पर रह रही थीं। संगीता के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को जब उन्होंने अपनी अलमारी में रखे जेवर देखे तो वे गायब मिले। इसके बाद उन्होंने घर में पूछताछ की।शिकायत में संगीता ने अपनी छोटी भांजी इयशिता पर जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है।
मौसी के जेवर बेचने का आरोप, खरीदे दो आईफोन
शिकायत के अनुसार, अलमारी में सोने का एक हार, दो सोने की चेन, दो अंगूठियां, चांदी की दो पायल और एक चांदी का कमरबंद रखा था। आरोप है कि इशिता ने ये जेवर चोरी कर अपने बॉयफ्रेंड आशु निवासी राजनगर कॉलोनी को दे दिए। महिला का आरोप है कि आशु ने जेवर बेच दिए और उससे मिली रकम से इयशिता और आशु ने अपने -अपने लिए आईफोन खरीदे।
घर में लगवाया एसी, बची रकम घूमने-फिरने में खर्च का आरोप
संगीता की शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आईफोन खरीदने के बाद बची रकम से उनके घर में एसी लगवाया गया। इसके बाद जो पैसे बचे, उन्हें दोनों ने घूमने-फिरने और मौज-मस्ती में खर्च कर दिया। जेवर गायब होने के बाद जब महिला ने पूछताछ की तो उन्हें अपनी छोटी भांजी पर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की।
बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज, पुलिस कर रही जांच
पीड़िता की तहरीर के आधार पर बरेली के बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शिकायत में इशिता और आशु पर जेवर चोरी करने, उन्हें बेचने और रकम खर्च करने के आरोप लगाए गए हैं।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
