तहसील स्तर पर जीतकर पहुंचे एथलीटों ने लिया हिस्सा, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और सांसद छत्रपाल गंगवार ने किया शुभारंभ
बरेली: जिले में भविष्य के एथलीट तलाशने और उन्हें तराशने वाली जनपदीय विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का बुधवार को शुभारंभ हो गया। बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू हुई प्रतियोगिता में विद्यालय और तहसील स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर आगे पहुंचे 400 से ज्यादा एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 10 अक्टूबर तक चलेगी। मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और सांसद छत्रपाल गंगवार ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले खिलाड़ियों और विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विशेष परिधानों में सजकर पहुंचे बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अतिथियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और खिलाड़ियों को खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
भविष्य के खिलाड़ी तैयार करने के लिए शानदार ढांचा
वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि जिले में भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए बेहतर खेल ढांचा उपलब्ध है। बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए अच्छी व्यवस्थाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिस जोश और जुनून के साथ बच्चे खेलों से जुड़ रहे हैं, उससे उम्मीद है कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को टीम भावना के साथ खेलने और खेल भावना बनाए रखने की शुभकामनाएं दीं।
खेल भावना के साथ खेलने की अपील
सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में सैकड़ों एथलीट विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों में रुचि पैदा करने वाले खेल शिक्षकों का योगदान भी सराहनीय है। उन्होंने खिलाड़ियों से टीम भावना और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने तथा बरेली के साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
डीआईओएस ने किया अतिथियों का स्वागत
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार ने समारोह में पहुंचे अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के आयोजक एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी ने डीआईओएस को पुष्प भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अवनीश यादव ने किया, जबकि खेल प्रतियोगिताओं का संचालन खेल शिक्षक नईम अहमद और शाहिद रजा ने किया। समारोह में सह-जिला विद्यालय निरीक्षक जसवंत सिंह, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बरेली के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश राय, निर्भय सिंह गुर्जर, विकास शर्मा, डॉ. लोकेश चन्द, डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य, डॉ. राम श्री गंगवार, डॉ. गुड्डी पाल, डॉ. दीपाली बुधोरिया, कुसुम लता राजपूत, अर्चना राजपूत, मनोरमा रानी, डॉ. हरीश स्वामी और डॉ. एसपी पांडेय समेत कई प्रधानाचार्य मौजूद रहे।
आयोजन में इनका रहा विशेष सहयोग
प्रतियोगिता के आयोजन में डॉ. त्रिलोकनाथ, रोहित कुमार सिंह, कमल तिवारी, राजेश कुमार यादव, संदेश राठौर, आनंद दीक्षित, विजय रतन सिंह, पुरुषोत्तम, आदेश यादव, प्रणय कुमार, मुशाहिद रजा और डॉ. आर्येद्र गंगवार समेत कई लोगों ने विशेष सहयोग किया। निर्णायक मंडल में अजय कश्यप, पंकज कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, राजू रजा, गजेंद्र तोमर और राजेश शामिल रहे।
400 से ज्यादा एथलीटों पर रहेंगी नजरें
तहसील स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जनपदीय स्तर पर पहुंचे 400 से ज्यादा एथलीट अब अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के जरिए स्कूल स्तर से उभर रहे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। 10 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खेल शिक्षकों और आयोजकों की नजर रहेगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के आगे उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में पहुंचने की उम्मीद है।
