सड़क निर्माण में लापरवाही पर BDA सख्त,क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश, गुणवत्ता में कमी मिली तो ठेकेदार की तय होगी जवाबदेही
बरेली : शहर में सड़क निर्माण और अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने सख्त रुख अपनाया है। प्राधिकरण की ओर से कराए गए निरीक्षण और स्थलीय सत्यापन में कुछ सड़कों की सतह क्षतिग्रस्त, गड्ढायुक्त और मरम्मत योग्य पाए जाने के बाद संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। ठेकेदारों को तत्काल आवश्यक मरम्मत और गड्ढों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से भरने के निर्देश दिए गए हैं। BDA ने स्पष्ट किया है कि सड़क की मरम्मत केवल गड्ढे भरने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण और स्थायी तरीके से कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित अभियंताओं को मौके पर काम की लगातार निगरानी और कार्य पूरा होने के बाद उसका सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
नवरात्रि से पहले BDA की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य
आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए BDA ने अपने क्षेत्र में प्राधिकरण द्वारा निर्मित सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत सड़कों का दोबारा निरीक्षण और स्थलीय सत्यापन कराया जा रहा है। अभियान के दौरान सड़क पर बने गड्ढों, क्षतिग्रस्त हिस्सों, सड़क की सतह में आई कमियों और अन्य जरूरी मरम्मत कार्यों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर इनकी मरम्मत कराई जाएगी।BDA उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नवरात्रि शुरू होने से पहले प्राधिकरण द्वारा निर्मित सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कराकर लोगों के लिए आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाया जाए।
घटिया काम मिला तो ठेकेदार पर कार्रवाई

प्राधिकरण ने सड़क निर्माण और अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने की बात कही है। यदि जांच में किसी ठेकेदार की लापरवाही या निर्धारित मानकों के विपरीत काम सामने आता है तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दोषपूर्ण निर्माण को संबंधित ठेकेदार से अपने खर्च पर दोबारा दुरुस्त कराया जाएगा। इसके साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। BDA ने अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि वे नियमित रूप से निर्माण और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि काम सिर्फ औपचारिकता के लिए न हो, बल्कि निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।
काम की गुणवत्ता पर अधिकारियों की भी नजर

BDA के मुताबिक सड़क निर्माण से जुड़े प्रत्येक कार्य में स्वीकृत विशिष्टियों और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता जांचने के साथ-साथ काम पूरा होने के बाद उसका सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में जहां भी सड़क की स्थिति खराब मिली है, वहां संबंधित ठेकेदारों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक और लोगों की परेशानी का भी रखा जाएगा ध्यान
सड़क मरम्मत और निर्माण कार्यों के दौरान नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसका भी ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था ज्यादा प्रभावित न हो, इसके लिए काम को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने और मौके पर निगरानी रखने को कहा गया है। BDA का लक्ष्य प्राधिकरण क्षेत्र में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, सुरक्षित आवागमन और गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
