सपा प्रमुख बोले – सरकार आने पर सरकारी नौकरियों की गारंटी होगी,गठबंधन में सीट बंटवारे से ज्यादा जीत पर जोर
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गठबंधन और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा संदेश दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौन सी सीट किस दल के हिस्से में जाएगी, यह सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी दलों का मकसद गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए। उन्होंने दोहराया-“बात सीट की नहीं, जीत की है।”अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन की जीत लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा तथा सामाजिक सौहार्द की संयुक्त कोशिश की जीत होगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन का उद्देश्य साम्प्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष और देश की तरक्की एवं खुशहाली के लिए काम करना है।
2027 में सरकारी नौकरियों की गारंटी का ऐलान

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सरकारी नौकरियों की गारंटी होगी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, वार्षिक परीक्षा भर्ती कैलेंडर तैयार करने और पेपरलीक रोकने के लिए विशेष बल बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पेपरलीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिक्षकों के बेहतर प्रशिक्षण की व्यवस्था और आउटसोर्सिंग को समाप्त कर पक्की नौकरियां देने की बात भी उन्होंने कही।
बिना रोजगार के अर्थव्यवस्था नहीं बढ़ सकती
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में आयोजित ‘पीडीए संकल्प-शिक्षक-अभ्यर्थी संवाद’ कार्यक्रम में छात्र -छात्राओं,अभिभावकों और अभ्यर्थियों से संवाद किया। पार्टी के मुताबिक, उन्होंने कहा कि बिना नौकरी और रोजगार के अर्थव्यवस्था आगे नहीं बढ़ सकती और शिक्षा तथा रोजगार के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत है। उन्होंने विश्वविद्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता भी बताई और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता पर जोर दिया।
गठबंधन को लेकर अखिलेश का सोशल मीडिया संदेश
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि “मकसद जब साफ हो तो हाथ-में-हाथ होता है, निगाह मंजिल पर हो तो सफर आसान होता है।” उन्होंने गठबंधन की सीटों के बजाय जीत को प्राथमिकता देने की बात दोहराई।उन्होंने कहा कि गठबंधन की संयुक्त कोशिश का उद्देश्य लोकतंत्र,संविधान और आरक्षण पर किसी तरह की आंच न आने देना तथा देश में सौहार्द और खुशहाली को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में कई वक्ताओं ने रखे विचार

पार्टी के अनुसार, कार्यक्रम में कोचिंग संस्थानों से जुड़े नीतू सिंह, अंकित चौधरी, निर्भय कुमार और अभिनव शर्मा समेत अन्य लोगों ने भी शिक्षा, भर्ती प्रक्रिया, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन की मौजूदगी भी बताई गई है। अखिलेश यादव ने कार्यक्रम में अपने कार्यकाल की कुछ परियोजनाओं और नीतियों का उल्लेख करते हुए लैपटॉप वितरण, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और लखनऊ में आईटी से जुड़े निवेश का जिक्र किया। उन्होंने मौजूदा सरकार की कुछ परियोजनाओं और नीतियों पर भी सवाल उठाए।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
