जलसे से बाइक से घर लौट रहे थे पति-पत्नी, गुडवारा पुल के पास हुआ दर्दनाक हादसा, राहगीर ने कार से पीछा कर डंपर पकड़ा
बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। दोनों रिछा स्टेशन से आयोजित जलसे में शामिल होकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। गुडवारा पुल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर के ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान दोनों डंपर की चपेट में आ गए। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मकसूदनपुर निवासी रफीक अहमद (65) और उनकी पत्नी तौफीकन (60) के रूप में हुई है।बताया गया कि दोनों बाइक से रिछा स्टेशन गए थे।
जलसे से लौट रहे थे घर
परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर पत्रकारों को बताया कि दोनों पति पत्नी रिछा स्टेशन के पास आयोजित जलसे में शामिल होने के बाद वापस घर लौट रहे थे।जानकारी के अनुसार, रविवार को दंपति बाइक से घर लौट रहे थे। गुडवारा पुल के पास पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक के गिरते ही दोनों पति-पत्नी डंपर की चपेट में आ गए। डंपर के पहियों के नीचे आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीर ने कार से पीछा कर पकड़ा डंपर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। इसी दौरान एक राहगीर ने अपनी कार से डंपर का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर व चालक को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। हादसे की सूचना परिवार को मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
