सपा प्रमुख ने सत्ता के अहंकार का लगाया आरोप, कहा-सनातन समाज अपमानित महसूस कर रहा, सोशल मीडिया पोस्ट में भाजपा के पहिए और स्टीयरिंग पर भी कसा तंज
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शंकराचार्य के साथ कथित व्यवहार को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।अखिलेश यादव ने कहा कि मंच से लाखों-करोड़ों सनातनियों की आस्था के प्रतीक एक पूजनीय व्यक्ति के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने इसे सत्ता के अहंकार से जोड़ते हुए भाजपा सरकार पर सवाल उठाए।
शंकराचार्य के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान शंकराचार्य का लगातार अपमान हो रहा है।उन्होंने कहा कि शंकराचार्य के साथ हुए व्यवहार का राजनीतिक असर भाजपा को भुगतना पड़ेगा। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि सनातन समाज के लोग इस पूरे घटनाक्रम से दुखी हैं। ये सभी दावे और राजनीतिक आरोप समाजवादी पार्टी की ओर से जारी बयान में किए गए हैं।
‘सत्ता के मद’ पर भी निशाना
सपा प्रमुख ने अपने बयान में सत्ता के अहंकार और वर्चस्व की राजनीति पर भी टिप्पणी की।उन्होंने कहा कि समाज अपने सम्मान की रक्षा के लिए सत्ता के ‘पद के मद’ का जवाब देगा। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार को लेकर कई अन्य राजनीतिक टिप्पणियां भी कीं।
पहिए खुद को स्टीयरिंग समझने लगे
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने लिखा कि भाजपा में कुछ ‘पहिये’ खुद को ‘स्टीयरिंग’ समझने लगे हैं। उन्होंने सत्ता पक्ष के लोगों से परिपक्वता दिखाने और बिना बात ‘हॉर्न’ न बजाने की बात कही। इस पोस्ट को लेकर भाजपा की कार्यशैली और नेताओं की बयानबाजी पर अखिलेश यादव का राजनीतिक कटाक्ष माना जा रहा है।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
