पति-बेटी के साथ बाइक से जा रही थी महिला, कार सवार युवक पर जबरन रोकने, अभद्रता और धमकी देने का आरोप, इज्जतनगर पुलिस ने FIR दर्ज कर शुरू की जांच
बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के 100 फुटा रोड पर बाइक सवार दंपती को कार से रोककर महिला के साथ अभद्रता करने का मामला सामने आया है। संजयनगर निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि कार सवार युवक ने उसके पति को रुपये देने की बात कही और बाद में महिला को 10 हजार रुपये लेकर कार में बैठने के लिए कहा। विरोध करने पर युवक ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
दवाई लेने जा रहा था परिवार
महिला के मुताबिक, 29 सितंबर की सुबह वह अपने पति और चार वर्षीय बेटी के साथ बाइक से बच्ची की दवाई लेने जा रही थी।इसी दौरान 100 फुटा रोड पर पीछे से एक कार सवार युवक लगातार हार्न बजाने लगा। आरोप है कि युवक ने बाइक के पास कार लगाकर दंपती को जबरन रुकवा लिया।
10 हजार रुपये देने की बात का आरोप
शिकायत के अनुसार, कार सवार युवक ने महिला के पति से पूछा कि कितने रुपये लोगे। पति ने बताया कि वह परिवार के साथ जा रहा है। इसके बाद आरोप है कि युवक ने महिला को 10 हजार रुपये देने की बात कहते हुए कार में बैठने के लिए कहा। दंपती ने विरोध किया और बाइक आगे बढ़ा दी।
यूपी 112 पर दी सूचना, राहगीरों की मदद से पकड़ा
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर युवक गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दंपती ने यूपी 112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले महिला और उसके पति ने राहगीरों की मदद से कार सवार युवक को पकड़वा दिया।
इज्जतनगर पुलिस ने दर्ज की FIR
पुलिस युवक को थाने ले गई।महिला ने उसकी पहचान की।इसके बाद इज्जतनगर थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया।पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े आरोपों और परिस्थितियों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
