मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर, राजस्व-पुलिस समेत सभी आपातकालीन विभागों को 24×7 सतर्क रहने के निर्देश, लोगों से घरों में रहने और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील
बरेली : मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट के बाद बरेली जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जनपद में 25 से 27 सितंबर 2026 तक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली, गरज-चमक और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं।चलने की चेतावनी जारी की गई है। संभावित मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि जन-धन हानि की संभावना को न्यूनतम रखने के लिए राजस्व, पुलिस, नगर निकाय, विकास खंड और सभी आपातकालीन सेवाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे सतर्क रहेंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा की स्थिति में तत्काल राहत-बचाव के निर्देश
जिला प्रशासन ने विद्युत, लोक निर्माण, सिंचाई, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव के लिए आवश्यक संसाधन, मानवबल और उपकरण पहले से तैयार रखने को कहा गया है।
बारिश और तेज हवाओं में घर से बाहर निकलने से बचें
जिला प्रशासन ने आमजन से खराब मौसम के दौरान।अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों को खुले मैदान, खेतों, ऊंचे पेड़ों, विद्युत खंभों और अस्थायी ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है। जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से भी बचने की अपील की गई है।
आकाशीय बिजली से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
आकाशीय बिजली और गरज-चमक के दौरान लोगों को सुरक्षित भवन के अंदर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने जर्जर भवनों, कमजोर दीवारों, टिन शेड और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की भी अपील की है।
किसानों के लिए एडवाइजरी जारी
खराब मौसम के दौरान किसानों को खेतों में काम रोककर तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है। वहीं, टूटे हुए विद्युत तार या क्षतिग्रस्त पोल दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखने और तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
जलभराव और पेड़ गिरने की सूचना प्रशासन को दें
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव, बाढ़, भवन क्षति, पेड़ गिरने, विद्युत समस्या या सड़क अवरोध जैसी किसी भी स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दें।
गांवों और शहरों में कराया जाएगा व्यापक प्रचार-प्रसार
जिला प्रशासन ने सभी ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और संबंधित विभागों को लाउडस्पीकर,सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मौसम की चेतावनी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
