फतेहगंज पूर्वी के टिसुआ गांव में हादसा,दोस्त के साथ कोचिंग गया था 15 वर्षीय अनमोल, हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार, माता-पिता नोएडा से घर रवाना
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में कक्षा 10 के 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। टिसुआ गांव में नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मार दी।हादसा इतना गंभीर था कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दोस्त के साथ कोचिंग गया था छात्र
मृतक छात्र की पहचान बाकरगंज गांव निवासी 15 वर्षीय अनमोल के रूप में हुई है। अनमोल कक्षा 10 में पढ़ता था। शनिवार सुबह वह अपने दोस्त के साथ कोचिंग पढ़ने के लिए टिसुआ गांव गया था। बताया गया कि कोचिंग के बाद उसका दोस्त बाइक खड़ी कर पानी पीने चला गया। इसी दौरान अनमोल ने बाइक स्टार्ट की और नेशनल हाईवे पार करने लगा। तभी बरेली की ओर से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दूर जा गिरा अनमोल
अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी तेज थी कि अनमोल बाइक से उछलकर दूर जा गिरा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।हादसे की सूचना छात्र के परिजनों और पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वाहन चालक की तलाश में पुलिस
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने छात्र के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है।
पांच बहनों में सबसे छोटा था अनमोल
अनमोल अपने परिवार में पांच बहनों के बीच सबसे छोटा था।उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।अनमोल के माता-पिता नोएडा में निजी नौकरी करते हैं। उन्हें बेटे की मौत की सूचना दे दी गई है और वे घर के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, पुलिस अब दुर्घटना के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
