17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, टेलरिंग और हलवाई किट के साथ युवा उद्यमियों को अनुदान राशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित
बरेली: सेवा संकल्प अभियान, भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को बरेली के पं. राधेश्याम कथावाचक स्मृति संस्थान में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट और अनुदान राशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान सेवा, सुशासन और जनभागीदारी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के संकल्प का माध्यम है।
महापौर ने जनसेवा की प्रतिबद्धता बताया
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
बरेली लोकसभा सीट से सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नीतिगत सुधारों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए महत्वपूर्ण परिवर्तनों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है।विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य ने कहा कि शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए, ताकि कोई पात्र नागरिक अपने अधिकारों से वंचित न रहे।
लाभार्थियों को बांटी गई टूलकिट
कार्यक्रम के दौरान टेलरिंग टूलकिट कई लाभार्थियों को वितरित की गई। वहीं पप्पू कुमार, नीतू और प्रेमलता को हलवाई किट दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत मो. उजैर,भावना जौहरी, सौरभ कश्यप, अकरम अली और तनिष्क गुप्ता को अनुदान राशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।
डीएम ने दी शुभकामनाएं
डीएम अविनाश सिंह ने भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन भगवान विश्वकर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के कारण विशेष है। उन्होंने जनपद में प्रशासनिक अमले के सहयोग से जनभागीदारी का उदाहरण प्रस्तुत करने की बात कही। कार्यक्रम में विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, सदस्य राज्य महिला आयोग पुष्पा पाण्डेय, क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रज क्षेत्र पूरन लाल लोधी, भाजपा जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे।
