मंडलीय समीक्षा बैठक में खाद की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं, गौशालाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा, कौशांबी हादसे के बाद बरेली में पटाखा प्रतिष्ठानों की 3 दिन में जांच के निर्देश
बरेली: मंडलायुक्त (कमिश्नर) शंभू कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बरेली मंडल के विकास कार्यों, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों की समीक्षा की गई।मंडलायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने और जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
खाद की कमी और ओवररेटिंग पर सख्ती
फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने छूटे किसानों की अभियान चलाकर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को फर्टिलाइजर की कमी या ओवररेटिंग की समस्या नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाएं 100% उपलब्ध रहें
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए अस्पतालों में अतिरिक्त वार्ड बनाने को कहा गया। वहीं 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने में बदायूं की धीमी प्रगति पर सुधार के निर्देश दिए गए।
गौशालाओं और सड़कों पर घूम रहे गोवंश पर अभियान
मंडलायुक्त ने सहभागिता योजना के तहत अधिक से अधिक गोवंश लोगों को पालने के लिए उपलब्ध कराने को कहा। सड़क पर घूम रहे गोवंश को अभियान चलाकर संरक्षित करने के निर्देश दिए गए। गौशालाओं के निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने और जलभराव वाली गौशालाओं की सूची तैयार करने को कहा।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
निर्माणाधीन परियोजनाओं का अधिकारियों से निरीक्षण कराने और रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए। अधूरे निर्माण कार्य जल्द पूरे कराकर संबंधित विभागों को हैंडओवर करने तथा निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
कौशांबी हादसे के बाद पटाखा इकाइयों की जांच
कौशांबी की पटाखा फैक्ट्री में आग की घटना के बाद बरेली प्रशासन ने जिले की सभी लाइसेंसधारी पटाखा भंडारण, निर्माण और बिक्री इकाइयों की जांच का फैसला लिया है। सभी एसडीएम और संबंधित सीओ तीन दिन के भीतर संयुक्त निरीक्षण करेंगे। जांच में विस्फोटक अधिनियम, अग्निशमन व्यवस्था, भंडारण क्षमता, आपातकालीन निकास और अग्निशमन उपकरण समेत सुरक्षा मानकों को परखा जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट आने तक नए पटाखा लाइसेंस जारी या पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा।
अवैध शराब और अवैध बसों पर भी कार्रवाई
मंडलायुक्त ने अधिक शिकायत वाले क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध शराब नष्ट कराने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। परिवहन अधिकारियों को अवैध बसों के संचालन के खिलाफ भी अभियान चलाने को कहा गया। बैठक में IGRS शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने, सीएम डैशबोर्ड की नियमित निगरानी और विभागीय योजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
