सैफई में एसपी चीफ बोले – नफरत और हिंदू-मुस्लिम के अलावा BJP के पास कोई काम नहीं, नेपाल त्रासदी पर जताया दुख
सैफई: रक्षाबंधन के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश और प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। सैफई में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने रक्षाबंधन को भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व बताया। साथ ही महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य, शिक्षा और बराबरी को लेकर अपनी बात रखी। अखिलेश यादव ने कहा कि रक्षाबंधन पर भाई अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प लेता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बेटियों और महिलाओं के बीच जो असुरक्षा की भावना है, उसे खत्म करने का संकल्प लिया जाना चाहिए।
महंगाई पर अखिलेश यादव का BJP पर तंज
सपा अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा से अब कोई उम्मीद नहीं की जा सकती और उसका समय खत्म हो गया है। उन्होंने महंगाई को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और तंज किया कि चुनाव आने वाला है, कहीं चंदे के लिए महंगाई तो नहीं बढ़ रही।JPNIC को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “बीजेपी ने JPNIC बेच दिया… जो जेपी को बेच दें उनसे क्या उम्मीद रखोगे।”
किसानों से लेकर महंगाई तक पर हमला
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसानों पर संकट लाने वाले लोग भाजपा में हैं। इसी दौरान उन्होंने कृषि उत्पादों और बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले बोरी से चोरी होती थी, अब पूरी बोरी ही चोरी हो गई। चीनी की कीमतों और इथेनॉल नीति का जिक्र करते हुए भी उन्होंने सरकार पर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया।
‘BJP ही देश का सबसे बड़ा संकट’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर समाज में नफरत और विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के पास नफरत के अलावा कोई काम नहीं है। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि “एक ही संकट इस देश में है वो है भारतीय जनता पार्टी, बीजेपी हटेगी तो सब संकट खत्म हो जाएगा।”
नेपाल की घटना पर जताया दुख
नेपाल में हुई घटना पर अखिलेश यादव ने दुख जताया और जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में भारत को नेपाल के साथ खड़ा होना चाहिए और भारत सरकार को नेपाल सरकार की हर संभव मदद करनी चाहिए।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प
रक्षाबंधन के मौके पर अखिलेश यादव ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य, आधुनिक शिक्षा और बराबरी के अधिकार को लेकर संकल्प की बात कही। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं के उत्थान और सम्मान के लिए ठोस फैसले किए जाएंगे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
