हर्रामपुर गांव के पास सड़क के ऊपर से बह रहा रामगंगा का पानी, दोनों ओर गहरी खुदाई और जलभराव से बढ़ी मुश्किल; पुलिसकर्मी तैनात
बदायूं: जिले में रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से हजरतपुर-गढ़िया रंगीन मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने लगा है। दातागंज तहसील क्षेत्र में हर्रामपुर गांव के पास रामगंगा का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है। सड़क के दोनों ओर गहरी खुदाई और जलभराव के कारण रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
तस्वीरें दातागंज तहसील क्षेत्र के हजरतपुर-गढ़िया रंगीन मार्ग की हैं। रामगंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद हर्रामपुर गांव के पास सड़क पर पानी पहुंच गया है। पानी सड़क के ऊपर से बहने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क के दोनों तरफ गहरी खुदाई और जलभराव होने के कारण सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है।
उपजिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार ने बताया कि पानी देर रात सड़क पर आया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क के दोनों ओर लकड़ी की बल्लियां लगाकर रस्सी बांधी जाएगी, जिससे राहगीरों को रास्ते की स्थिति का अंदाजा हो सके और किसी तरह की जनहानि को रोका जा सके।
पानी सड़क पर आने की सूचना मिलते ही हजरतपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिसकर्मियों को राहगीरों को सावधानी बरतने और पानी भरे मार्ग पर सुरक्षित तरीके से आवागमन करने की सलाह देने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस रामगंगा नदी के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि पानी भरे मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें और जोखिम लेकर वाहन न निकालें।