बरेली : शहर के कैंट थाना क्षेत्र के एक प्लॉट पर कथित अवैध कब्जे के विवाद ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर बड़ा नाटकीय मोड़ ले लिया। न्याय न मिलने का आरोप लगाते हुए एक ही परिवार की चार महिलाओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार,।मानपुर चिकटिया निवासी गौरव ने आरोप लगाया कि उनके करीब 200 गज के प्लॉट पर पड़ोसी पिछले लगभग दो माह से कब्जा किए हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार पुलिस अधिकारियों, डीएम और एसडीएम सदर से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर परिवार ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, इस मामले में पुलिस से जानकारी की कोशिश की गई। मगर, पुलिस का पक्ष नहीं मिला सका है।
चार महिलाओं ने खुद पर छिड़का पेट्रोल
गौरव की चाची कमलेश, ताई मुन्नी तथा बहनें रोशनी और विमलेश परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कलेक्ट्रेट गेट पहुंचीं।महिलाओं का आरोप था कि उनकी शिकायतों पर पुलिस और प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। इसी दौरान उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
कलेक्ट्रेट गेट पर तैनात होमगार्ड संदीप शर्मा और अन्य कर्मचारियों ने तत्काल महिलाओं के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और उन्हें सुरक्षित किया।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। महिलाओं को उपचार और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा
इस घटना के बाद अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बातचीत की। जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्लॉट विवाद और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दोनों पक्षों की जांच के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल मामला जमीन के स्वामित्व और कब्जे के विवाद से जुड़ा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी पक्षों के दस्तावेज और तथ्यों की जांच के बाद ही उचित निर्णय लिया जाएगा। आत्मदाह के प्रयास की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी सतर्क कर दी गई है।
