गढ़ा जंगल में सड़क हादसे के बाद मौके से मिली ट्रक की टूटी नंबर प्लेट, टोल डिटेल से भी मिला सुराग; चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पीलीभीत: पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के गढ़ा जंगल में मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को क्षतिग्रस्त बाइक के पास ट्रक की टूटी हुई नंबर प्लेट मिली। इसके आधार पर पुलिस ने ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब एक बजकर 45 मिनट पर गजरौला थाना पुलिस को गढ़ा जंगल में वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी नगर अमरनाथ वर्मा भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर दो युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़े मिले। उनकी पहचान माधोटांडा थाना क्षेत्र के जमुनिया खास गांव निवासी विकास राठौर और विशाल राठौर के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
हादसे में मृतकों की बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को एक टूटी हुई नंबर प्लेट भी मिली। नंबर प्लेट पर यूपी 22 बीटी 2336 अंकित था। पुलिस ने नंबर की जांच की तो यह एक ट्रक का निकला। इसके बाद पुलिस ने हादसे में इसी ट्रक के शामिल होने की आशंका जताते हुए जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस ने ट्रक की टोल संबंधी जानकारी भी निकलवाई। जांच में सामने आया कि संबंधित ट्रक पीलीभीत से पूरनपुर की ओर गया था। टोल डिटेल और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अब ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।
हादसे के सही कारणों और ट्रक की भूमिका की पुष्टि के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है। इसके अलावा पुलिस अन्य साक्ष्यों को भी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता ट्रक और चालक का पता लगाने की है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।