सितंबर से नवंबर तक 13 फेरे लगाएगी साबरमती स्पेशल, राजकोट स्पेशल का संशोधित टाइम-टेबल भी जारी
गोरखपुर/बरेली : यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) ने बड़ी सौगात दी है। रेलवे प्रशासन ने लालकुआँ -साबरमती-लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन (05344/05343) का संचालन 13 फेरों के लिए करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही पहले से संचालित लालकुआँ-राजकोट-लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन (05045/05046) के विभिन्न स्टेशनों पर संचलन समय में।संशोधन भी किया गया है। रेलवे के अनुसार, 05344 लालकुआँ -साबरमती साप्ताहिक विशेष ट्रेन 2 सितंबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को लालकुआँ से दोपहर 1:35 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा, गांधी नगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़, फालना, आबू रोड, पालनपुर और महेसाणा होते हुए अगले दिन सुबह 11:05 बजे साबरमती पहुंचेगी।
हर गुरुवार को शाम 5 बजे रवाना
वापसी में 05343 साबरमती -लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन 3 सितंबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को शाम 4 बजे साबरमती से रवाना होगी और अगले दिन बरेली सहित प्रमुख स्टेशनों से होकर दोपहर 2:20 बजे लालकुआँ पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन कुल 13 फेरे लगाएगी। रेलवे ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआरडी,4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 11 शयनयान, 2 एसी थर्ड और 1 एसी सेकेंड कोच शामिल रहेंगे।।इसी के साथ रेलवे प्रशासन ने 05045/05046 लालकुआँ-राजकोट-लालकुआँ साप्ताहिक विशेष ट्रेन के विभिन्न स्टेशनों पर संशोधित समय भी जारी कर दिया है। संशोधित समय के अनुसार 05045 लालकुआँ-राजकोट स्पेशल 27 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को लालकुआँ से दोपहर 12:35 बजे रवाना होगी, जबकि 05046 राजकोट-लालकुआँ स्पेशल 31 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को रात 10:30 बजे राजकोट से चलेगी।
इन स्टेशनों पर ठहराव
वापसी यात्रा में मथुरा कैंट, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली, बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी और किच्छा सहित कई स्टेशनों के समय में संशोधन किया गया है। राजकोट स्पेशल में भी कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इसमें 2 एसएलआरडी,11 स्लीपर, 2 एसी थर्ड, 1 एसी सेकेंड और 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल रहेंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों और यात्रा सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
