8 से 25 अगस्त तक विशेष ट्रेन का संचालन, बरेली, अयोध्या, लखनऊ, पीलीभीत समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
बरेली : रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 (ग्रुप-डी) कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने बड़ी राहत दी है। रेल प्रशासन ने मऊ और बरेली के बीच 05185/05186 अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन अगस्त माह में निर्धारित तिथियों पर दोनों दिशाओं में संचालित होगी। इससे पूर्वांचल और रुहेलखंड क्षेत्र के हजारों परीक्षार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।रेलवे के अनुसार 05185 मऊ-बरेली अनारक्षित परीक्षा स्पेशल का संचालन 8, 9, 10, 11, 12, 13, 16, 17, 18, 19, 20 और 24 अगस्त 2026 को किया जाएगा।
इन स्टेशनों पर ठहराव
यह ट्रेन मऊ स्टेशन से सुबह 11:45 बजे रवाना होकर आजमगढ़,शाहगंज,अयोध्या धाम जंक्शन,अयोध्या कैंट, बादशाहनगर,डालीगंज, सीतापुर, लखीमपुर,गोला गोकर्णनाथ, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर और बरेली सिटी होते हुए अगले दिन सुबह 6:10 बजे बरेली पहुंचेगी। वहीं 05186 बरेली-मऊ अनारक्षित परीक्षा स्पेशल का संचालन 9, 10, 11, 12, 13, 14, 17, 18, 19, 20, 21 और 25 अगस्त 2026 को होगा। यह ट्रेन बरेली से दोपहर 3:25 बजे रवाना होकर इज्जतनगर, भोजीपुरा, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, डालीगंज,बादशाहनगर, अयोध्या कैंट,अयोध्या धाम जंक्शन, शाहगंज और आजमगढ़ होते हुए अगले दिन सुबह 8:20 बजे मऊ पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन में लगेंगे 16 कोच
रेल प्रशासन ने बताया कि इस परीक्षा विशेष ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 14 सामान्य द्वितीय/शयनयान श्रेणी के अनारक्षित कोच तथा 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे।विशेष ट्रेन के संचालन का उद्देश्य आरआरबी ग्रुप-डी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भीड़भाड़ से राहत देना और समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहायता प्रदान करना है। रेलवे ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना निर्धारित तिथियों और समय के अनुसार बनाएं तथा यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर लें। यह विशेष ट्रेन बड़ी संख्या में परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।
