झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा झांसी-कानपुर हाईवे पर पूछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। दुर्घटना में कार सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे।

जानवर को बचाने के प्रयास में डिवाइडर से टकराई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार झांसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद और सोनू खान की मौके पर ही मौत हो गई।
तीन युवक गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
हादसे में अहजम, मोहम्मद जैद और उमर अहमद, जो सभी प्रयागराज के निवासी हैं, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। झांसी के एसएसपी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों में एक की पहचान अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद के रूप में हुई है।
भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल जा रहे थे
मृतक और घायल सभी लोग झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बड़े बेटे अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। अली अहमद उमेश पाल हत्याकांड और रंगदारी समेत कई मामलों में आरोपी है। उसे 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से हाई सिक्योरिटी के तहत झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था, जहां वह पिछले करीब 10 महीनों से बंद है।
2023 में एसटीएफ मुठभेड़ में मारा गया था असद अहमद
अतीक अहमद का एक अन्य बेटा असद अहमद 13 अप्रैल 2023 को झांसी में उत्तर प्रदेश एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था। उमेश पाल हत्याकांड में वांछित असद पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। अब झांसी में हुए इस सड़क हादसे में छोटे बेटे आबान अहमद की मौत के बाद अतीक परिवार एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
