तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, झज्जर के तीन श्रद्धालुओं की गई जान; सीसीटीवी से आरोपी की तलाश
गाजियाबाद: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, झज्जर (हरियाणा) निवासी ज्ञानप्रकाश (45), राजकुमार (35) और प्रदीप (22) एक ही बाइक से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कलछीना के पास पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम और भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फरार वाहन की पहचान के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।