फिरोजाबाद : उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच फिरोजाबाद के एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी का बयान सामने आया है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का दायित्व सभी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है और इसी जिम्मेदारी का निर्वहन किया जा रहा है।
बोले- नमाज के लिए विकल्प है, कांवड़ यात्रा के लिए सड़क ही रास्ता
एएसपी अनुज चौधरी ने कहा कि नमाज मस्जिदों के भीतर भी अदा की जा सकती है, क्योंकि उसके लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध हैं। वहीं कांवड़ यात्रा के लिए कोई दूसरा विकल्प नहीं है और करोड़ों श्रद्धालुओं को सड़कों से होकर ही गुजरना पड़ता है। इसी वजह से प्रशासन ने कांवड़ मार्गों पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।
पुलिस सभी धर्मों के पर्व शांतिपूर्वक कराती है संपन्न
उन्होंने कहा कि पुलिस किसी एक धर्म के लिए नहीं बल्कि सभी समुदायों के पर्व और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का कार्य करती है। ईद पर नमाज हो, गुरु पर्व हो, क्रिसमस हो या कांवड़ यात्रा हर आयोजन में पुलिस की भूमिका सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की होती है।
कांवड़ मार्ग पर नॉनवेज और अंडों के ठेलों पर रहेगी रोक
एएसपी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नॉनवेज की दुकानों और अंडों के ठेलों को अनुमति नहीं दी जाएगी। मुख्य मार्ग के भीतर स्थित शराब और नॉनवेज की दुकानों पर पर्दे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी प्रकार का पशु अवशेष कांवड़ मार्ग तक न पहुंचे।
20 सेक्टर में बांटा गया कांवड़ मार्ग, 2000 पुलिसकर्मी तैनात
फिरोजाबाद जिले में कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे कांवड़ मार्ग को 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जहां करीब 2000 पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। पूरे रूट पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
