बरेली देहात के फतेहगंज पूर्वी के रधौली कला गांव में हुई घटना, चार सगे भाइयों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज
बरेली : फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के रधौली कला गांव में नामकरण संस्कार की दावत के दौरान मामूली बात पर हुआ विवाद एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। सब्जी मांगने को लेकर शुरू हुए झगड़े में हुई मारपीट के बाद 60 वर्षीय सुखपाल की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात गांव निवासी अवनीश के बेटे के नामकरण संस्कार की दावत चल रही थी। इसी दौरान गांव का विजय कथित रूप से नशे की हालत में सब्जी मांगने लगा। इस पर सुखपाल ने उसे दावत स्थल से सब्जी लेने के लिए कहा।
कहासुनी के बाद चले लाठी-डंडे
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चलने लगे।मारपीट में सुखपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। मृतक के बेटे धर्मपाल की तहरीर पर पुलिस ने विजय, मानसिंह, विनोद और मुकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम को भेजा शव
थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई जारी है।
