बरेली एंटी करप्शन टीम ने। पीलीभीत में दी दबिश, मौके पर ही पकड़ा गया राजस्व निरीक्षक
बरेली/पीलीभीत : उत्तर प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल की ट्रैप टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई कर पीलीभीत जिले के बीसलपुर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक हरिसान सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम ने मीडिया को बताया कि आरोपी हरिसान सिंह (47 वर्ष), निवासी अमलेलीपुर, थाना भटा, जिला बरेली, वर्तमान में तहसील बीसलपुर, जनपद पीलीभीत में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात है।
रिंकू गंगवार की शिकायत पर कार्रवाई
भ्रष्टाचार निवारण संगठन को शिकायतकर्ता हिंदू गंगवार, निवासी मोहल्ला हबीबुल्ला खां, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत ने शिकायत दी थी कि राजस्व संबंधी कार्य के नाम पर आरोपी राजस्व निरीक्षक उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की ट्रैप टीम ने नियमानुसार योजना बनाकर कार्रवाई की। मंगलवार 4 अगस्त 2026 को अपराह्न लगभग 3:10 बजे बीसलपुर चौराहे पर आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
सुनगढ़ी कोतवाली में मुकदमा दर्ज
कार्रवाई ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सांच्याल के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना सुनगढ़ी, जनपद पीलीभीत ले जाया गया। यहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना संगठन को दें। शिकायत मिलने पर गोपनीय तरीके से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग को सूचना देने के लिए पुलिस उपाधीक्षक भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली के 9454405475, और प्रभारी निरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली के 9454401653 पर संपर्क कर सकते हैं।
